‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ प्रोग्राम में डीयू निभा रहा है महत्वपूर्ण भूमिका: कुलपति प्रो. योगेश सिंह

asiakhabar.com | May 1, 2025 | 5:15 pm IST

नई दिल्ली।केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि अगर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र एवं दुनिया की महाशक्ति बनना है तो देश एवं राज्यों में राजनीतिक स्थिरता जरूरी है। शिक्षा मंत्री दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ दौड़ के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौड़ का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा बुधवार, 30 अप्रैल को डीयू के रग्बी स्टेडियम से किया गया था। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमति रेखा गुप्ता ने डीयू के विद्यार्थियों को दौड़ में शामिल होने के लिए बधाई दी। डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ प्रोग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद और डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह सहित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने झंडे दिखा कर दौड़ को रवाना किया।
शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि डीयू का इतिहास रहा है कि देश में किसी भी नई चीज की परिकल्पन होती है; या तो वह डीयू के कैम्पस से निकलती है या फिर उसके इम्प्लीमेंटेशन में डीयू सबसे अग्रणी रहता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 60 के दशक तक भारत में एक साथ ही चुनाव होते थे। पिछले 50 साल से यह शैड्यूल बिगड़ा हुआ है। बार-बार चुनाव से समय और राजस्व की हानि होती है। यह देश की प्रगति के लिए अच्छा नहीं है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ का आह्वान किया, लोकसभा ने उस पर प्रस्ताव ग्रहण किया और भारत के पूर्व राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द के नेतृत्व में इस पर स्टेकहोल्डर्स से परामर्श लिए गए। अब देश ने इसे जन आंदोलन के रूप में ले लिया है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ दौड़ केवल एक दौड़ मात्र नहीं है, बल्कि यह 2047 तक भारत को दुनिया में सबसे मजबूत देश बनाने के लिए दौड़ है।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमति रेखा गुप्ता ने कहा कि आज डीयू के इस प्रांगण में हम जो ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ दौड़ के लिए एकत्रित हुए हैं, तो यह भी हमारी देश के प्रति एक ज़िम्मेदारी है। इसी के लिए हम सब यहां आज एक मंच पर आए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से हर वर्ष हजारों करोड़ रुपए का खर्च होता है। बार-बार आचार संहिता लगने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। कार्यक्रम के आरंभ में डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने सभी अतिथियों का डीयू में आने पर स्वागत किया। कुलपति ने कहा कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ प्रोग्राम में डीयू महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अप्रैल के महीने का यह तीसरा प्रोग्राम इस विषय पर डीयू में आयोजित हो रहा है। प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि यह प्रोग्राम एक अच्छी शुरुआत है जो देश को आगे ले जाने में बहुत मदद करेगा। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशिष सूद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह, डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी, डीयू दक्षिणी परिसर के निदेशक प्रो. श्री प्रकाश सिंह, एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो, रजिस्ट्रार डॉ विकास गुप्ता, अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनु लाठर, दिल्ली सरकार के चीफ व्हिप अभय वर्मा, विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, विधायक जितेंद्र महाजन, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई के कुलपति अशोक कुमार और अंतर्राष्ट्रीय पहलवान बबीता फ़ौगाट आदि सहित अनेकों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों आदि की सक्रिय भागीदारी रही। ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ दौड़ डीयू रग्बी स्टेडियम से शुरू होकर गेट नंबर 2 से होते हुए छात्रा मार्ग से गुजरी और डीयू परिसर का चक्कर लगते हुए स्टेडियम में आकार सम्पन्न हुई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *