सुप्रीम कोर्ट में 26 मई से ‘आंशिक कार्य दिवस’, गवई ने 21 पीठों को किया नामित

asiakhabar.com | May 17, 2025 | 5:32 pm IST

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई ने ‘आंशिक कार्य दिवस’ (पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश) दौरान मामलों की सुनवाई के लिए 21 पीठों को नामित किया है। शीर्ष अदालत ने एक अधिसूचना जारी कर इसकी घोषणा की है।
उसके अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय ने शुक्रवार को उन पीठों को अधिसूचित किया, जो 26 मई से 13 जुलाई, 2025 तक आंशिक कार्य दिवसों (गर्मी की छुट्टियों) के दौरान सुनवाई करेगी। शीर्ष अदालत में 14 जुलाई, 2025 से फिर से नियमित कामकाज शुरू होगा।
अधिसूचना में कहा गया है कि छब्बीस से एक जून के दौरान पांच पीठ सुनवाई करेगी। मुख्य न्यायाधीश गवई और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह, न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संजय कुमार, न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी और अरविंद कुमार, न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति
सतीश चंद्र शर्मा की पीठ अलग-अलग सुनवाई करेगी।
इसी प्रकार दो जून से आठ जून (3 पीठ) की अवधि के दौरान न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा,
न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी के अलावा न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ अलग-अलग सुनवाई करेगी।
नौ जून से 15 जून (युगल पीठ) न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति मनमोहन, न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी और न्यायमूर्ति पी बी वराले की पीठ सुनवाई करेगी।
सोलह जून से 22 जून (2 पीठ) तक न्यायमूर्ति उज्जल भुयान और न्यायमूर्ति मनमोहन, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और पीबी वराले की पीठ सुनवाई करेगी।
इसी प्रकार 23 जून से 29 जून (3 पीठ) सुनवाई करेगी, जिसमें न्यायमूर्ति के वी विश्वनाथन और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह, न्यायमूर्ति उज्जल भुयान और न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठों में सुनवाई होगी।
शीर्ष अदालत में 30 जून से छह जुलाई के दौरान ‘आंशिक कार्य दिवस’ की तीन पीठ में न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन, न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आर महादेवन,न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ मामलों की सुनवाई करेगी।
इसी प्रकार सात जुलाई से 13 जुलाई के दौरान (3 पीठ) सुनवाई करेगी। न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची, न्यायमूर्ति पंकज मिथल और न्यायमूर्ति के वी विश्वनाथन, न्यायमूर्ति राजेश बिंदल और न्यायमूर्ति आर महादेवन मामलों की सुनवाई करेंगे।
इस अवधि के दौरान, रजिस्ट्री सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सभी कार्य दिवसों पर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुली रहेगी, शनिवार को छोड़कर (12 जुलाई, शनिवार को छोड़कर), रविवार और अन्य छुट्टियों पर भी कामकाज होगा। अधिसूचना के अनुसार, गैर-लिपिकीय सदस्य इन दिनों में भी सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक अपनी सेवाएं देंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *