
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा भारतीय सेना के शौर्य और साहस को दर्शाने के लिये ‘ऑपरेशन खुकरी’ पर फिल्म बनाने जा रहे हैं।
रणदीप हुड्डा अपनी अगली फिल्म में भारतीय सेना के सबसे साहसिक मिशन्स में से एक को जीवंत करने जा रहे हैं। रणदीप की आने वाली फिल्म का नाम ‘ऑपरेशन खुकरी ’है। रणदीप हुड्डा ने मेजर जनरल राजपाल पुनिया और दामिनी पुनिया की किताब ‘ऑपरेशन खुकरी: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द इंडियन आर्मीज ब्रेवेस्ट पीसकीपिंग मिशन अब्रॉड’ के आधिकारिक फिल्म अधिकार हासिल कर लिए हैं। यह फिल्म भारतीय सेना के सबसे साहसी और विदेशों में बचाव अभियानों में से एक को पर्दे पर पेश करेगी।
यह फिल्म साल 2000 में सिएरा लियोन यानी पश्चिमी अफ्रीका के एक देश में हुए एक वास्तविक सैन्य अभियान पर आधारित है, जहां भारतीय सेना के 233 जवानों को विद्रोही बलों ने बंधक बना लिया था। यह मिशन भारतीय सेना द्वारा अब तक किए गए सबसे खतरनाक और साहसिक अभियानों में से एक माना जाता है। फिल्म में रणदीप हुड्डा मेजर जनरल राज पाल पुनिया की भूमिका निभाएंगे। मेजर जनरल राजपाल पुनिया ने उस मुश्किल हालात के बीच अपने सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकाला था।
रणदीप हुड्डा ने कहा कि यह कहानी सिर्फ हथियारों और युद्ध की नहीं, बल्कि वीरता, बलिदान और भाइचारे की है। उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं ऐसे योद्धा की भूमिका निभा रहा हूं, जिसने 75 दिन तक दुश्मन के बीच फंसे जवानों को न सिर्फ जिंदा निकाला बल्कि भारत के सैन्य इतिहास में एक सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।मेजर जनरल पुनिया का रोल निभाना मेरे लिए एक सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी है। हमारा मकसद भारतीय सेना के इतिहास के उस अध्याय को लोगों के सामने लाना है, जिसे उतनी पहचान नहीं मिली जितनी मिलनी चाहिए थी। हमारे सैनिकों की उस भावना के लिए, जो कहती है कि हम मर जाएंगे लेकिन हार नहीं मानेंगे।, मुझे लगता है कि यह कहानी हर भारतीय को प्रेरित करेगी।
फिल्म ‘ऑपरेशन खुकरी’ की स्क्रिप्ट पर काम जोरों पर है और इसे बड़े पैमाने पर शूट किया जाएगा। फिल्म की टीम का मानना है कि ‘ऑपरेशन खुकरी’ न सिर्फ एक थ्रिलिंग एक्शन फिल्म होगी, बल्कि यह भारतीय सेना की वीरगाथा को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने का एक जरिया बनेगी।