ब्रजभाषा काव्य मंच ने किया अंतर्राष्ट्रीय काव्य गोष्ठी का आयोजन

asiakhabar.com | August 21, 2025 | 5:22 pm IST

आगरा। हिंदी साहित्य तथा ब्रजभाषा को समर्पित आगरा की लब्धप्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘ब्रजभाषा काव्य मंच’ के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय काव्य गोष्ठी का आयोजन निखिल बुक कैफे में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में टोरोंटो कनाडा से पधारे आध्यात्मिक कवि, लेखक, अनुवादक एवं अखिल विश्व हिन्दी समिति के अध्यक्ष गोपाल बघेल ‘मधु’ का स्वागत व सम्मान मंच के अध्यक्ष रामेन्द्र शर्मा ‘रवि’ ने अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं श्रीफल भेंटकर किया। गोपाल बघेल ‘मधु’ ने अपनी मनभावन आध्यात्मिक रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोष्ठी का शुभारंभ डाॅ. ब्रजबिहारी ‘बिरजू’ की वाणी वंदना से हुआ। भारत-आस्ट्रेलिया साहित्य सेतु के अनिल कुमार शर्मा ने राधा-कृष्ण को समर्पित अपनी रचना का पाठ किया। अमेरिका में साहित्य का परचम फहराने वाले संजय गुप्त ने अपनी कविता से सभी को भाव विभोर कर दिया। मेलबोर्न में प्राध्यापक रहीं डाॅ. नीलम भटनागर ने वहाँ सुनाई गई और प्रशंसित कृष्ण जन्म पर रचना सुनाई। डाॅ. शुभदा पांडे ने श्री लंका में अपने सेवाकाल के दौरान रची गई रचना का पाठ किया। लोकगीतों को अपनी सुरीले स्वरों से मंत्रमुग्ध करने वाली रमा वर्मा ‘श्याम’ ने अपनी स्वर लहरी से अंतर्राष्ट्रीय काव्य गोष्ठी को ऊंचाइयाँ प्रदान की। आचार्य उमाशंकर पाराशर, वंदना तिवारी, यादराम सिंह कवि किंकर, विनय बंसल, राज फौजदार, डाॅ. यशोयश, रामेन्द्र शर्मा ‘रवि’, डाॅ. सुषमा सिंह, राकेश शर्मा निर्मल, संजय कुमार, प्रभुदत्त उपाध्याय, ब्रजबिहारी लाल, जबलपुर से पधारे हास्यकवि नरेन्द्र शर्मा ने अपनी रचनाओं से सभी को हँसाकर लोटपोट कर दिया। सभी अंतर्राष्ट्रीय कवियों ने अंतर्राष्ट्रीय पटलों पर उनके अनुभवों को साझा किया और बताया कि विदेशों में हिन्दी को बहुत सम्मान दिया जाता है। गोष्ठी में राजीव खण्डेलवाल, अशोक फौजदार, निखिल शर्मा आदि की विशेष उपस्थित रही। अंत में, कनाडा से पधारे गोपाल बघेल ‘मधु’ के सकारात्मक उद्बोधन एवं ब्रजभाषा काव्य मंच के रामेन्द्र शर्मा रवि के धन्यवाद ज्ञापन से इस यादगार गोष्ठी का समापन हुआ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *