किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज करें अपनी खराब फसल का विवरण: सांसद सुभाष बराला

asiakhabar.com | September 9, 2025 | 5:51 pm IST

राजेश शर्मा
टोहाना:राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी, जिसे लेकर सरकार पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किसानों एवं आमजन के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी और राहत कार्य जारी हैं ताकि किसी भी व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े।
सांसद बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं हालात की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और समय-समय पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। रविवार को मुख्यमंत्री ने टोहाना क्षेत्र का दौरा कर जलभराव की स्थिति का प्रत्यक्ष रूप से निरीक्षण किया और किसानों को आश्वस्त किया है कि सरकार उनके हर नुकसान की भरपाई करेगी।
सांसद ने बताया कि किसानों को फसल नुकसान की क्षतिपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने तत्काल ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला है। इस पोर्टल पर किसान अपनी फसल नुकसान से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। नुकसान का आंकलन होने के बाद प्रभावित किसानों को समयबद्ध तरीके से राहत प्रदान की जाएगी। सांसद ने किसानों से अपील की कि वे इस पोर्टल पर अपनी फसल का ब्यौरा दें।
सांसद सुभाष बराला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन भी जनता की सेवा में पूरी तत्परता के साथ लगे हुए हैं।
पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आई बाढ़ पर चिंता जताते हुए भी सांसद बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से बात कर स्थिति की जानकारी ली है और हरियाणा सरकार पड़ोसी राज्यों की हरसंभव सहायता कर रही है। प्रदेश से पंजाब और हिमाचल में राहत सामग्री भेजी गई है। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में प्रदेशों की सीमाएं नहीं देखी जातीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी जाती है।
सांसद ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार डटे हुए हैं और लोगों की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *