डूसू चुनाव को लेकर डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

asiakhabar.com | September 16, 2025 | 4:16 pm IST
View Details

नई दिल्ली।दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2025-26 के सुचारू संचालन के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय प्रशासन की एक बैठक का आयोजन सोमवार, 15 सितंबर को हुआ। इस अवसर पर डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणी, साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ विकास गुप्ता, प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार, प्रो. राज किशोर शर्मा (मुख्य चुनाव अधिकारी), डॉ. राजेश सिंह (मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर), राजा बंथा (डीसीपी उत्तरी जिला) और दिल्ली के अनेक पुलिस अधिकारी, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, प्रोवोस्ट और विभिन्न छात्रावासों के वार्डन भी उपस्थित थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा की डूसू चुनाव में कोई भी राजनीतिक हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रिंसिपलों से आह्वान किया कि वे अपने कॉलेजों में कुछ एमटीएस और पेंटरों को नियुक्त करें जो कि विरूपण पर ध्यान रखें और अगर कालेजों के अंदर या बाहर कहीं ऐसी स्थिति नज़र आती है तो तुरंत उसे ठीक करें। डूसू चुनाव 2025-26 के संचालन हेतु सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी (उत्तरी क्षेत्र) ने डूसू चुनावों के सुचारू संचालन के लिए हर संभव पुलिस व्यवस्था का आश्वासन दिया है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वच्छ डूसू चुनाव सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएँगे। दिल्ली विश्वविद्यालय और दिल्ली पुलिस द्वारा सुचारू मतदान और चुनाव परिणामों की समय पर घोषणा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएँगे। दिल्ली विश्वविद्यालय और दिल्ली पुलिस लिंगदोह समिति की सिफारिशों और डूसू चुनाव दिशानिर्देशों के किसी भी उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कॉलेज का चुनाव मतपत्र के माध्यम से होगा और इसकी व्यवस्था कॉलेज द्वारा ही की जाएगी। ईवीएम केवल डूसू पदाधिकारियों के चुनाव के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। कॉलेज के प्राचार्यों/विभागाध्यक्षों/डीन को समय-समय पर डूसू वेबपेज पर अधिसूचना के रूप में जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर और प्रासंगिक निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *