
दिल्ली:साहित्य सदन मंगोलपुर खुर्द में दिनांक 09 नवंबर 2025 को दो पुस्तकों का लोकार्पण प्रख्यात साहित्यकार और समालोचक एवं नागरी लिपि परिषद के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल द्वारा एक भव्य समारोह में किया गया।पुस्तकों के नाम हैं चलो नई शुरुआत करें (नाटक संग्रह), इसके लेखक हैं डॉ अशोक सम्राट तथा दूसरी पुस्तक का नाम है काव्य सरोवर जो कि एक साझा संग्रह है जिसमें 40 कवियों की रचनाएं छपी हैं। इसके संपादक हैं डॉ अशोक सम्राट तथा सह संपादक हैं डॉ इंद्रजीत सिंह इंद्र एवं राजकुमार अर्जुन। पुस्तक समीक्षा श्री राजकुमार अर्जुन ने काव्य सरोवर की और श्री शिवनाथ शीलबोधि ने चलो नई शुरुआत करें (नाटक संग्रह), की प्रस्तुत की।
विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉक्टर हरिसिंह पाल, महामंत्री, नागरी लिपि परिषद दिल्ली उपस्थित रहे। साथ ही डॉ राजबाला राज, कवयित्री, अखिल भारतीय राज साहित्य संस्था (हिसार) , श्रीमती नमिता नमन, सुप्रसिद्ध कवयित्री एवं साहित्यकार दिल्ली ; श्रीमती सावित्री मलिक, वरिष्ठ साहित्यकार एवं संपादक काव्य शैली पत्रिका और श्री राम अवतार बैरवा, सहायक निदेशक, आकाशवाणी दिल्ली भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर एक कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित कवियों ने अपनी अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान, डॉ अशोक सम्राट ने स्वागत भाषण और सभी अतिथियों का सम्मान किया। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे कवियों का अंग वस्त्र और साहित्य से स्वागत किया गया तथा सम्मान पत्र एवं साझा संग्रह की दो प्रतियां भेंट की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ इंद्रजीत सिंह इंद्र ने किया।
अपने संबोधन में बोलते हुए डॉ हरि सिंह पाल ने कहा कि डॉ सम्राट की चलो नई शुरुआत करें (नाटक संग्रह), नामक यह पुस्तक सचमुच एक बहुत ही अच्छी पुस्तक है क्योंकि आजकल नाटक लिखने का चलन वैसे भी बहुत ही कम है। डॉ सम्राट ने अपने इन नाटकों में जनसाधारण की समस्याओं पर अपनी कलम चलाई है तथा उनका समाधान देने का भी सफल प्रयास किया है। समाज में फैली बुराइयों की तरफ इशारा करते हुए वे इनसे सचेत रहने की बात कर इनका निदान प्रस्तुत करते हैं। डॉ अशोक सम्राट ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत तथा जलपान के साथ यह समारोह संपन्न हुआ।
