ममदानी के साथ बैठक बहुत सार्थक रही: ट्रंप

asiakhabar.com | November 22, 2025 | 5:37 pm IST
View Details

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर के निर्वाचित महापौर जोहरान ममदानी के साथ उनकी बैठक ‘‘बहुत सार्थक’’ रही और उन्हें विश्वास है कि ‘‘वह बहुत अच्छा काम कर सकते हैं।’’ दोनों नेताओं ने एक दूसरे के खिलाफ महीनों तक बयानबाजी करने के बाद इस मुलाकात में परस्पर गर्मजोशी का रुख अपनाया।
ममदानी ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में ट्रंप से अपनी पहली मुलाकात के लिए शुक्रवार को वाशिंगटन डीसी पहुंचे। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस ‘‘बेहतरीन’’ बैठक का ‘‘आनंद लिया।’’
ट्रंप ने ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय) में कहा, ‘‘हमारी बैठक बहुत अच्छी, वाकई बेहद उपयोगी रही। हमारे बीच एक बात समान है-हम चाहते हैं कि हमारा यह प्रिय शहर आगे बढ़े। मैं महापौर को बधाई देना चाहता हूं। उन्होंने शुरुआती ‘प्राइमरी’ से ही कई सक्षम उम्मीदवारों के खिलाफ एक शानदार चुनाव प्रचार अभियान चलाया… और उन्हें आसानी से हरा दिया।’’ इस दौरान ममदानी उनके बगल में खड़े थे।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह ममदानी के प्रशासन में न्यूयॉर्क शहर में सहज महसूस करेंगे, तो ट्रंप ने कहा, ‘‘हां, बिल्कुल करूंगा-खासकर इस बैठक के बाद।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने कई बातों पर सहमति जताई, जितना मैंने सोचा था, उससे कहीं अधिक। मैं चाहता हूं कि वह बेहतरीन काम करें और हम उन्हें ऐसा करने में मदद करेंगे। उनकी अलग राय हो सकती है… लेकिन मैं न्यूयॉर्क में खुद को अत्यंत सहज महसूस करूंगा और मुझे लगता है कि इस बैठक के बाद यह भावना और भी बढ़ गई है।’’
भारतीय मूल के ममदानी न्यूयॉर्क शहर के मेयर पद के लिए हुए चुनाव में विजयी हुए। वह पहले ऐसे दक्षिण एशियाई और मुस्लिम हैं जो अमेरिका के सबसे बड़े शहर के मेयर चुने गए हैं। भारतीय मूल के ममदानी मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे हैं। उनका जन्म एवं पालन-पोषण युगांडा के कंपाला में हुआ और सात वर्ष की आयु में वह अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क आए थे। ममदानी 2018 में अमेरिका के नागरिक बने थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *