
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बुधवार को विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु पर शोक जताया। शाह ने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मृत्यु न केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) परिवार, बल्कि उनके लिए भी एक ‘‘व्यक्तिगत क्षति’’ है।
अधिकारियों के अनुसार, पुणे जिले में बुधवार सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता (राकांपा) नेता अजित पवार (66) और अन्य लोगों को ले जा रहा विमान बारामती इलाके में उतर रहा था।
शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज एक दुःखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं राजग के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अजित पवार ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वे जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे। उनका निधन राजग परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।
शाह ने कहा, ‘‘मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक की इस घड़ी में पूरा राजग शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति शांति शांति।’’
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत पर शोक व्यक्त किया। सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना में मौत से मैं अत्यंत व्यथित हूं। उनका निधन जनजीवन के लिए एक अपार क्षति है। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिले।”
साय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी समेत अन्य लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।’’
