ब्रिटेन: चार्ल्स तृतीय के भाई एंड्रयू को रिहा किया गया

asiakhabar.com | February 20, 2026 | 4:49 pm IST
View Details

लंदन। सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किए गए पूर्व राजकुमार एंड्रयू को रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
टेम्स वैली पुलिस बल ने बताया कि पूर्व राजकुमार को बृहस्पतिवार शाम को रिहा किया गया। एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को उनकी गिरफ्तारी के लगभग 11 घंटे बाद पूर्वी ब्रिटेन स्थित उनके घर के पास स्थित थाने से कार में निकलते हुए देखा गया।
एंड्रयू को उनके खिलाफ जांच जारी रहने के बीच रिहा किया गया है।
एंड्रयू को बृहस्पतिवार तड़के उनके घर से उन जांचकर्ताओं ने गिरफ्तार किया था, जो जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि उसने एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के घर की तलाशी पूरी कर ली है, लेकिन एक अन्य संपत्ति की तलाशी अभी जारी है।
पुलिस ने पहले कहा था कि वह उन खबरों का ‘‘मूल्यांकन’’ कर रही है जिनमें कहा गया है कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर ने 2010 में एप्स्टीन को व्यापारिक जानकारी भेजी थी, जब पूर्व राजकुमार ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार के विशेष दूत थे। एप्स्टीन एक धनी निवेशक और यौन अपराध का दोषी व्यक्ति था। दोनों व्यक्तियों के बीच हुए पत्राचार को अमेरिकी न्याय विभाग ने पिछले महीने के अंत में एप्स्टीन की अमेरिकी जांच से संबंधित लाखों पन्नों के दस्तावेजों के साथ जारी किया था।
पुलिस ने यह भी बताया कि अधिकारी दो संपत्तियों की तलाशी ले रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *