सर्बिया ने अपने नागरिकों से कहा, ‘जितनी जल्दी हो सके’ ईरान छोड़ दें

asiakhabar.com | February 21, 2026 | 6:14 pm IST
View Details

नई दिल्ली। पोलैंड के बाद सर्बिया ने अपने नागरिकों से ईरान छोड़ने की अपील की है। सर्बियाई विदेश मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बयान जारी किया।
बयान में कहा गया, “सुरक्षा व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के कारण, सर्बिया गणराज्य के नागरिकों को ईरान जाने की सलाह नहीं दी जाती है। वहीं, ईरान में मौजूद सभी लोगों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी जाती है।”
दरअसल, अमेरिका ने पिछले 22 साल में मिडिल ईस्ट में सबसे बड़ी सैन्य तैनाती की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस्लामिक रिपब्लिक के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर सैन्य कार्रवाई की धमकी भी दे रहे हैं। इन्हीं सब चेतावनियों और धमकियों के बीच, सर्बिया ने ईरान में अपने नागरिकों से “जितनी जल्दी हो सके” देश छोड़ने की अपील की है।
बाल्कन देश ने जनवरी में ही सर्बियाई नागरिकों को ईरान छोड़ने और वहां न जाने के लिए कहा था। दिसंबर 2025 के अंत और जनवरी 2026 की शुरुआत में देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहे थे।
इस बीच अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर ट्रंप हमला करने का फैसला लेते हैं तो उनके पास कई सैन्य विकल्प मौजूद हैं। इनमें सीमित और टारगेटेड हमले से लेकर ऐसे सैन्य अभियान भी शामिल हैं जो कई हफ्तों तक चल सकते हैं। कुछ में तेहरान के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने की भी तैयारी शामिल है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *