
मुख्य संवाददाता
मुंबई :इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस वर्ष प्रतिष्ठित “डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर नोबेल अवार्ड” प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान समारोह मुंबई में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
शर्मा ने बताया कि यह पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों को समर्पित है जिन्होंने समाज में न्याय, समानता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। यह सम्मान महान समाज सुधारक और भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर के विचारों और आदर्शों से प्रेरित होकर प्रदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानवाधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स काउंसिल देश और विदेश में मानवाधिकार जागरूकता, कानूनी सहायता तथा सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन कर रही है।
शर्मा ने आगे कहा कि यह सम्मान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, ताकि अधिक से अधिक लोग मानवता, न्याय और समानता के मूल्यों को अपनाते हुए समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजनों से समाज में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
