आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स में जॉन मूनी की एंट्री, फील्डिंग कोच बनाए गए

asiakhabar.com | March 19, 2026 | 5:38 pm IST
View Details

नई दिल्ली। अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने के लिए प्रयासरत दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 से पहले अपनी कोचिंग टीम को और मजबूत किया है और आयरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जॉन मूनी को फील्डिंग कोच के रूप में नियुक्त किया है।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से लेवल 3, 2, और 1 कोचिंग सर्टिफिकेट प्राप्त जॉन मूनी दिल्ली कैपिटल्स में ज्ञानेश्वर राव और एंटोन रॉक्स की जगह लेंगे। दोनों आईपीएल 2025 के बाद टीम से अलग हो गए थे।
जॉन मूनी दिल्ली कैपिटल्स की पहले से मजबूत कोचिंग टीम को और मजबूती देंगे। दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग टीम में हेमंग बदानी (हेड कोच), मुनाफ पटेल (बॉलिंग कोच), इयान बेल (सहायक कोच) शामिल हैं। वेणुगोपाल राव टीम के डायरेक्टर हैं।
जॉन मूनी के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोचिंग का अनुभव है। वह 2018 से 2019 के बीच अफगानिस्तान के फील्डिंग कोच रहे हैं। इसी दौरान अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज की पुरुष टीम के साथ भी काम किया था। इस साल जनवरी से आयरलैंड की महिला टीम के अस्थायी कोच हैं।
44 साल के जॉन मूनी ने आयरलैंड के लिए 2006 से 2015 के बीच 64 वनडे और 27 टी20 मैच खेले। बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले मूनी ने वनडे की 55 पारियों में 14 बार नाबाद रहते हुए 3 अर्धशतक लगाते हुए 963 रन बनाए। वहीं टी20 की 23 पारियों में 231 रन बनाए। वहीं दाएं से मध्यम गति की तेज गेंदबाजी करने वाले इस खिलाड़ी ने वनडे में 48 और टी20 में 10 विकेट लिए थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *