‘देशवासियों को राष्ट्रभक्ति और समर्पण की प्रेरणा देते रहेंगे हेडगेवार’, जयंती पर अमित शाह समेत कई नेताओं ने किया नमन

asiakhabar.com | March 19, 2026 | 5:50 pm IST
View Details

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक व प्रथम सरसंघचालक केशव बलिराम हेडगेवार की गुरुवार को जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक व राष्ट्रवादी विचारक हेडगेवार की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। केशव बलिराम हेडगेवार ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की जिस दूरदर्शी सोच के साथ संघ की स्थापना की, वह आज विराट वटवृक्ष बन चुका है। उनके प्रयासों ने भारत की सांस्कृतिक चेतना को पुनर्जीवित करते हुए राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता की एक सशक्त परंपरा का निर्माण किया। उनका ओजस्वी जीवन देशवासियों को अनंतकाल तक मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा, त्याग, समर्पण का कर्तव्यबोध कराता रहेगा।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, “डॉ. हेडगेवार जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व एवं अटूट राष्ट्रभक्ति के बल पर राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने का जो महान कार्य किया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर समाज को संगठित, सशक्त एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित बनाने की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका सम्पूर्ण जीवन अनुशासन, त्याग, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का अद्भुत उदाहरण है।”


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *