
गुवाहाटी। शीर्ष भारतीय धाविका दुती चंद ने यहां 58 वें राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में अपना ही राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ कर खुद को आगामी एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार के रूप में स्थापित कर दिया। ओडिशा की 22 वर्षीय खिलाड़ी ने चैंपियनशिप के चौथे एवं आखिरी दिन यहां के इंदिरा गांधी एथलेटिक्स स्टेडियम में स्पर्धा के सेमीफाइनल में दौड़ 11.29 सेकेंड में पूरी कर 11.30 सेकेंड का अपना पिछला रिकार्ड बेहतर किया।
महिलाओं की 100 मीटर की फाइनल दौड़ आज शाम होगी। दुती ने आज जो समय निकाला, वह इस सीजन में एशियाई खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ है और इसके साथ वह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदारों में शामिल हो गयी हैं। 2010 और 2014 के एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाली खिलाड़ियों ने क्रमश: 11.33 सेकेंड और 11.48 सेकेंड लिए थे।
