भारत-ब्राजील पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार 20 बिलियन डॉलर से आगे ले जाने को प्रतिबद्ध: प्रधानमंत्री

asiakhabar.com | February 21, 2026 | 6:30 pm IST

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत और ब्राजील आने वाले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन डॉलर से आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार केवल आंकड़ों का विषय नहीं बल्कि पारस्परिक विश्वास और मजबूत रणनीतिक साझेदारी का प्रतिबिंब है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को हैदराबाद हाउस में ब्राजील के राष्ट्रपति लुई इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत-ब्राजील संबंधों को राष्ट्रपति लूला की दूरदृष्टि और प्रेरक नेतृत्व का लंबे समय से लाभ मिलता रहा है। बीते वर्षों में कई अवसरों पर हुई मुलाकातों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हर भेंट में उन्होंने भारत के प्रति राष्ट्रपति लूला की गहरी मित्रता और विश्वास को महसूस किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति लूला ने ऐतिहासिक एआई इंपैक्ट समिट में भाग लेकर दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने राष्ट्रपति के साथ आए बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि यह दल दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक विश्वास का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्राजील लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-मर्कोसुर व्यापार समझौते के विस्तार से आर्थिक सहयोग और सुदृढ़ होगा। प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को विशेष महत्व देते हुए उन्होंने कहा कि यह साझेदारी न केवल दोनों देशों बल्कि पूरे ग्लोबल साउथ के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति लूला की यह यात्रा भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और गहराई देगी तथा आने वाले वर्षों में सहयोग के नए आयाम स्थापित करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *