
मुंबई। बाहुबली’ फ्रैंचाइजी और आरआरआर जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले निर्देशक एसएस राजामौली की अगली फिल्म ‘वाराणसी’ अब फिल्मों के बजट के मामले में भी इतिहास रचने को तैयार है। पहले ही फिल्म की 7 अप्रैल 2027 को रिलीज़ होने की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है, और अब इस प्रोजेक्ट के भारी-भरकम बजट को लेकर ताज़ा अपडेट आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘वाराणसी’ का कुल बजट लगभग 1,361 करोड़ बताया जा रहा है, जिसके साथ यह भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बन चुकी है।
‘वाराणसी’ में प्रियंका चोपड़ा, साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म सिर्फ बड़े बजट की वजह से ही नहीं, बल्कि प्रियंका चोपड़ा की छह साल बाद भारतीय सिनेमा में वापसी के रूप में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे पहले प्रियंका ने लंबे समय तक इस क्षेत्र से दूरी बना रखी थी, लेकिन अब ‘वाराणसी’ के साथ वे वापसी कर रही हैं, जिससे फैंस में खास उत्साह है।
फिल्म का बजट राजामौली की पिछली फिल्मों के स्तर से भी कई गुना अधिक है। उदाहरण के तौर पर, आरआरआर का बजट लगभग 651.6 करोड़ था, जो अपने समय में बड़े पैमाने पर बनने वाली फिल्मों में शामिल थी। लेकिन ‘वाराणसी’ ने विजुअल इफेक्ट्स, एक्शन सीन और लोकेशन शूटिंग को ध्यान में रखते हुए उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म की भव्यता को और बढ़ाने के लिए ‘वाराणसी’ की शूटिंग भारत समेत 7 से अधिक देशों में की गई है, जिसमें अफ्रीका का केन्या भी शामिल है। विस्तृत लोकेशनों, बड़े बजट के एक्शन दृश्य और रोमांचक विजुअल इफेक्ट्स फिल्म को एक ग्लोबल सिनेमाई अनुभव प्रदान करेंगे। ‘वाराणसी’ को अब केवल एक फिल्म नहीं बल्कि भारतीय फिल्म उद्योग की प्रस्तुति के नए मानक के रूप में देखा जा रहा है, जो कॉमर्शियल और कलात्मक दोनों स्तरों पर दर्शकों को प्रभावित करेगा।
साल 2026 की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल ‘स्वयंभू’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा है। कार्तिकेय फेम निखिल सिद्धार्थ इस भव्य ऐतिहासिक फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ संयुक्ता, नाभा नटेश और नवाब शाह भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। भारतीय इतिहास, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक प्रतीकों से प्रेरित यह फिल्म दर्शकों को एक भावनात्मक और दृश्यात्मक रूप से समृद्ध सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।
मेकर्स ने हाल ही में फिल्म का बहुप्रतीक्षित टीज़र जारी किया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। भारत के गौरवशाली स्वर्ण युग की पृष्ठभूमि में रची गई इस कहानी के केंद्र में है सेंगोल, एक पवित्र प्राचीन राजदंड, जो धर्म, न्याय और नैतिक शासन का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यह सेंगोल उस शासक को सौंपा जाता था जो धर्म के मार्ग पर चलकर राज करता हो। टीज़र में दिखाया गया है कि इस पवित्र प्रतीक को पाने के लिए अलग-अलग राज्यों के बीच भीषण संघर्ष छिड़ जाता है।
इस उथल-पुथल के बीच निखिल सिद्धार्थ एक निडर योद्धा के रूप में उभरते हैं, जो संतुलन और धर्म की पुनर्स्थापना के लिए लड़ता है। टीज़र में उनका रग्ड लुक और दमदार एक्शन सीक्वेंस फिल्म की तीव्रता को और मजबूत बनाते हैं। विशाल युद्ध दृश्य, डिटेल्ड प्रोडक्शन डिज़ाइन और भव्य विज़ुअल्स फिल्म के बड़े पैमाने को दर्शाते हैं।
फिल्म का लेखन और निर्देशन भारत कृष्णमाचारी ने किया है। केजीएफ और सलार फेम रवि बसरूर ने संगीत दिया है, जबकि बाहुबली और आरआरआर के सिनेमैटोग्राफर के.के. सेंटिल कुमार विज़ुअल्स की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। एडिटिंग बाहुबली फेम तम्मिराजू ने की है। पिक्सल स्टूडियोज़ के भुवन और श्रीकर द्वारा निर्मित ‘स्वयंभू’ हिंदी समेत कई भारतीय और अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में समर 2026 में रिलीज़ होगी।
