बिहार के उद्योग मंत्री ने निवेशकों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा

asiakhabar.com | September 25, 2025 | 5:35 pm IST
View Details

नई दिल्ली। बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने गुरुवार को यहां एक कार्यक्रम में निवेशकों से राज्य उद्योग लगाने का आह्वान करते हुए सरकार द्वारा हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। श्री मिश्रा ने एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग विभाग की ओर से हाल में स्वीकृत बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज (बीआईआईपीपी) 2025 के संबंध में निवेशकों से संवाद किया। इससे पहले इस पैकेज को पटना में लॉन्च किया गया था।
उद्योग मंत्री ने बीआईआईपीपी की प्रशंसा करते हुए कहा, “यह पैकेज बिहार के औद्योगिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। यह न केवल निवेश आकर्षित करेगा, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित करेगा। यह बिहार को औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। हमारा लक्ष्य है कि बिहार न केवल देश में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक औद्योगिक शक्ति के रूप में उभरे। इस नीति के माध्यम से हम निवेशकों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि बिहार में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा मिले।”
उद्योग विभाग में अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने नीतिगत ढांचे और निवेश प्रोत्साहनों पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने पैकेज के प्रमुख प्रावधानों, जैसे मुफ्त भूमि आवंटन, वित्तीय प्रोत्साहन, और कारोबारी माहौल को मजबूत करने वाली पहलों के बारे में विस्तार से बताया। श्री सिंह ने बताया कि यह पैकेज बिहार को निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाने और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए डिजाइन किया गया है।
बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बीआईएडीए) के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा, “यह पैकेज न केवल उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं देगा, बल्कि रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी गति प्रदान करेगा। बिहार को औद्योगिक मानचित्र पर अग्रणी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।”
अधिकारियों ने बीआईआईपीपी-2025 के माध्यम से मुफ्त जमीन, अद्वितीय वित्तीय प्रोत्साहन, और मजबूत कारोबारी माहौल के जरिये बिहार के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने की योजना पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, बीआईएडीए के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार, बिहार चैप्टर के चेयरमैन गौरव शाह, इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन प्रभात कुमार सिन्हा, भारत प्लस के प्रबंध निदेशक अजय सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *