
चंडीगढ़ (शर्मा) ।राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के वरिष्ठ नेता अजय सिंह चौटाला द्वारा दिए गए ताज़ा बयान की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए इसे देश में अराजकता फैलाने का प्रयास बताया है।
श्री बराला ने कहा कि इस प्रकार के बयान यह दर्शाते हैं कि ऐसे नेताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि इनके राजनीतिक इतिहास से स्पष्ट है कि इन्होंने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है और समाज में विद्वेष फैलाने का कार्य किया है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि आज देश का युवा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का सपना देख रहा है, जिसकी सोच “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना पर आधारित है। युवा किसी भी प्रकार के बहकावे में आने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में जेजेपी ने युवाओं को गुमराह कर दस विधानसभा सीटें जीती थीं, लेकिन आज वही युवा सच्चाई को समझ चुका है और हालिया विधानसभा चुनाव में हरियाणा से जेजेपी का सूपड़ा साफ़ हो चुका है। जेजेपी ने हमेशा युवाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया, जिसका परिणाम जनता ने स्पष्ट रूप से दिखा दिया है।
श्री बराला ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। ऐसे में अजय सिंह चौटाला का बयान उन मतदाताओं की भावनाओं का अपमान है जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपना जनादेश दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि जेजेपी को लोकतंत्र में विश्वास होता तो इस प्रकार के भड़काऊ बयान नहीं दिए जाते। यह दल तानाशाही मानसिकता में विश्वास रखता है, जिसे हरियाणा की जनता भली-भांति समझ चुकी है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि जब प्रदेश में जेजेपी की सरकार थी, तब नौकरियों में भेदभाव देखने को मिलता था। इसके विपरीत, मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में युवाओं में विश्वास बहाल हुआ और मेरिट के आधार पर नौकरियाँ दी गईं। इसी परंपरा को वर्तमान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं, जहां युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
श्री बराला ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार गरीब कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक तथा युवा सशक्तिकरण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
