अपने आप में अनूठा होगा डीयू का तीन दिवसीय साहित्य महोत्सव: अनूप लाठर

asiakhabar.com | November 28, 2025 | 4:58 pm IST
View Details

नई दिल्ली।दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा पहली बार आयोजित होने वाले विशाल साहित्य महोत्सव को लेकर तैयारियां आरंभ हो चुकी हैं। इस कार्यक्रम के सफल एवं सुगम संचालन के लिए पहले से गठित कोर कमेटी के अतिरिक्त 19 उप कमेटियों का गठन किया जा चुका है। इन कमेटियों के चेयरपर्सन और कन्वीनर की एक बैठक का आयोजन डीयू कल्चर काउंसिल के चेयरपर्सन और दिल्ली यूनिवर्सिटी लिटरेचर फेस्टिवल कोर कमेटी के वाइस-चेयरपर्सन एवं कन्वीनर अनूप लाठर की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान सभी कमेटियों के रोल, जिम्मेदारियों और टाइमलाइन के साथ-साथ ऑपरेशनल रोडमैप पर भी चर्चा की गई। गौरतलब है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन 12 फरवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
बैठक के दौरान दिल्ली यूनिवर्सिटी लिटरेचर फेस्टिवल के कन्वीनर अनूप लाठर ने बताया कि यह दिल्ली विश्वविद्यालय का पहला लिटरेचर फेस्टिवल है जो अपने आप में अनूठा होगा। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी सदस्यों से अलग अलग विचार लिए। सभी संबंधित कमेटियों के चेयरपर्सन/कन्वीनर से आग्रह किया गया कि वह शीघ्र ही अपनी अपनी कमेटियों की बैठकें करके अपने कार्यों की रूपरेखा तैयार करें। उसके बाद कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। अनूप लाठर ने बताया कि डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह के निर्देशानुसार इस साहित्य महोत्सव का केंद्र बिन्दु राष्ट्र प्रेम होगा। इस महोत्सव का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) व अन्य साहित्यिक संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा।
अनूप लाठर ने बताया कि इस साहित्य महोत्सव में साहित्य जगत के साथ मीडिया व अन्य साहित्यिक क्षेत्रों से जुड़ी जानी मानी हस्तियाँ शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश भर के नामी लेखक, मीडिया जगत के लोग और जाने-माने सोशल मीडिया इन्फ़्ल्युएंसर भागीदारी करेंगे। इस दौरान पुस्तक विमोचन और पुस्तक चर्चाओं का भी आयोजन किया जाएगा। अनूप लाठर ने सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी न हो तो कोई भी आयोजन सफल नहीं हो पाता।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *