डाक विभाग की आधुनिक सेवाओं और डिजिटल पहल से नागरिकों को मिला सुविधा लाभ-पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

asiakhabar.com | September 16, 2025 | 5:30 pm IST

नई दिल्ली। डाक विभाग वर्तमान में डिजिटल इंडिया व वित्तीय समावेशन में अपनी भूमिका को और मजबूत बना रहा है। इसके व्यापक नेटवर्क, सर्वसुलभता और भरोसेमंद सेवाओं के कारण तमाम कल्याणकारी योजनाएँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुगमता से पहुँच रही हैं। डाकघर निर्यात केंद्र के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की वैश्विक स्तर पर पहुँच हो गई है। सुरक्षित निवेश और आकर्षक ब्याज दरों के चलते डाकघर की बचत योजनाएँ आज भी अत्यंत लोकप्रिय हैं। उक्त उद्गार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने अहमदाबाद डाक मंडल द्वारा 16 सितंबर को ओढव इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन सभाकक्ष में आयोजित “डाक व्यवसाय विकास एवं वित्तीय समावेशन” महामेला का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। महामेले के माध्यम से जहाँ डाक सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई, वहीं पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने विभिन्न बचत योजनाओं, सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के लाभार्थियों को पासबुक व पॉलिसी बॉन्ड प्रदान किए। इसके साथ ही उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस अवसर पर अहमदाबाद डाक मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक श्री चिराग महेता, ओढव इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के प्रेसिडेंट श्री मुकेशभाई वेकरिया, ओढव वार्ड के नगर पार्षद श्री राजेशकुमार दवे व सुश्री निताबेन देसाई, आइपीपीबी चीफ मैनेजर श्री अभिजीत जिभकाटे मंचासीन रहे।
महामेला को संबोधित करते हुए पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, डाकघर अब सिर्फ डाक का केंद्र नहीं, बल्कि एक बहुउद्देशीय सेवा केंद्र बन गया है। डाक विभाग ने अपने कार्यों का विस्तार करते हुए सेवाओं को डिजिटल माध्यम से और अधिक सुलभ व सुविधाजनक बना दिया है, जिससे नागरिकों को लाभ पहुँचाने की प्रक्रिया और भी प्रभावी हुई है। श्री यादव ने कहा कि डाक सेवाओं में निरंतर नवाचार हो रहा है। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत अहमदाबाद से देश भर में लगभग 1.04 लाख कारीगरों को उपकरण किटें भेजी जा चुकी हैं। वहीं सावन माह के दौरान अहमदाबाद जीपीओ में श्री सोमनाथ ट्रस्ट के देश भर के लिए साढ़े 4 लाख से अधिक बिल्व पत्र की बुकिंग हुई। डाकघरों में ‘एडवांस्ड पोस्टल टेक्नालॉजी 2.0’ लागू होने के बाद कार्य में तेजी आई है। अहमदाबाद के हर्णियाव शाखा डाकघर के ब्रांच पोस्टमास्टर श्री यश वैष्णानी ने 13 सितंबर को एक ही दिन में 2513 पंजीकृत डाक की बुकिंग कर अखिल भारतीय स्तर पर नया रिकॉर्ड स्थापित किया। ऐसे नवाचार, डाक विभाग के बदलते स्वरूप, सेवाओं के आधुनिकीकरण और ग्राहकों में बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।
अहमदाबाद डाक मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक श्री चिराग महेता ने कहा कि इस महामेला का उद्देश्य आमजन को डाकघर से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इनसे जोड़ना है। उन्होंने बताया कि कि वर्तमान में अहमदाबाद में वित्तीय समावेशन के तहत कुल 13.50 लाख बचत खाते, 7.3 लाख बचत पत्र, 1.12 लाख सुकन्या समृद्धि खाते, 1.46 लाख आईपीपीबी खाते संचालित हैं। अहमदाबाद में 105 गाँवों को ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम, 36 गाँवों को ‘सम्पूर्ण बीमा ग्राम’ और 22 गाँवों को ‘सम्पूर्ण बचत ग्राम’ बनाया जा चुका है। इस वित्तीय वर्ष में 46 हजार से अधिक लोगों ने डाकघर से और 29 हजार लोगों ने आईपीपीबी के माध्यम से आधार सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
विशिष्ट अतिथि रूप में ओढव वार्ड के नगर पार्षद श्री राजेशकुमार दवे ने कहा कि, डाकघर की सेवाएँ हमेशा ही विश्वसनीय रही हैं और यह हमेशा लोगों को जोड़ता रहा है। पार्षद सुश्री निताबेन देसाई ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत आरंभ सुकन्या समृद्धि योजना न केवल बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करती है, बल्कि समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच व समानता को भी बढ़ावा देती है। ओढव इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के प्रेसिडेंट श्री मुकेशभाई वेकरिया ने कहा कि डाकघर हम सभी की यादों व जीवन से गहरा जुड़ा हुआ है।
इस अवसर पर सुकन्या समृद्धि धारक बालिका हीर मोदी ने सुकन्या समृद्धि योजना की प्रशंसा की और लोगों से अनुरोध किया कि वे अपनी बेटियों के नाम पर इस योजना के तहत खाते अवश्य खुलवाएँ। प्रीती गृह उद्योग के जैनम शाह ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि डाकघर से कैसे उनका बिजनेस देश-विदेश में तेजी से व्यापक हुआ।
डाककर्मियों का हुआ सम्मान:
इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने अहमदाबाद मंडल के यश वैष्णानी, डी.पी. देसाई, ए.एस. पांडे, आर.सी.पंचाल, प्रकाशभाई शाह, ए.एस. पांडे, दिव्या जे. ठक्कर, आर.एम. रबारी, चिनुभाई पटेल, पी.के. उपाध्याय, आर.डी. मामतोरा, एस.एम. सचदेवा, अतानिया निजामुद्दीन शरीफभाई, सचिन जी. शाह, जयदीपसिंह एन. जाला, फेनिल गज्जर, अक्षय एम. पारेख, शिवम के. शाह, दिव्याबेन राजेशभाई पटेल, दिग्विजयसिंह अनुपभा वाघेला, ए.एफ. शेख, दिव्याबेन राजेशभाई पटेल, एस.ए. प्रजापति, कृति मेहता,जे .टी. वासवानी को विभिन्न सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। साथ ही अहमदाबाद डाक मंडल के उप-मंडलीय प्रमुख और उनकी टीम को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर श्री चिराग महेता, आइपीपीबी चीफ मैनेजर श्री अभिजीत जिभकाटे, मैनेजर सुश्री मोना गोस्वामी, सहायक अधीक्षक श्री आर टी परमार, श्री हार्दिक राठोड़, श्री अलकेश परमार, श्री एच जे परिख, श्री विशाल चौहान, श्री रोनक शाह, श्री भाविन प्रजापति, डाक निरीक्षक श्री यथार्थ दूबे, ओढव पोस्टमास्टर श्री परेश देसाई, रेनिश सुथार, दीपक नायक सहित तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधि, डाक कर्मियों एवं सम्मानित जनता ने भागीदारी की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *