भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश और राज्यों में राजनीतिक स्थिरता जरूरी: धर्मेंद्र प्रधान

asiakhabar.com | April 30, 2025 | 4:27 pm IST
View Details

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान बुधवार को कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र एवं दुनिया की महाशक्ति बनना है तो देश एवं राज्यों में राजनीतिक स्थिरता जरूरी है। प्रधान दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ दौड़ के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौड़ का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय ने रग्बी स्टेडियम से किया था। यह दौड़ डीयू रग्बी स्टेडियम से शुरू होकर गेट नंबर 2 से होते हुए छात्रा मार्ग से गुजरी और डीयू परिसर का चक्कर लगते हुए स्टेडियम में आकार सम्पन्न हुई।
शिक्षा मंत्री प्रधान ने कहा कि डीयू का इतिहास रहा है कि देश में किसी भी नई चीज की परिकल्पन होती है या तो वह डीयू के कैम्पस से निकलती है या फिर उसके इम्प्लीमेंटेशन में डीयू सबसे अग्रणी रहता है। आजादी के बाद 60 के दशक तक भारत में एक साथ ही चुनाव होते थे। पिछले 50 साल से यह शेड्यूल बिगड़ा हुआ है। बार-बार चुनाव से समय और राजस्व की हानि होती है। यह देश की प्रगति के लिए अच्छा नहीं है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ का आह्वान किया, लोकसभा ने उस पर प्रस्ताव ग्रहण किया और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के नेतृत्व में इस पर स्टेकहोल्डर्स से परामर्श लिए गए। अब देश ने इसे जन आंदोलन के रूप में ले लिया है। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ दौड़ केवल एक दौड़ मात्र नहीं है, बल्कि यह 2047 तक भारत को दुनिया में सबसे मजबूत देश बनाने के लिए दौड़ है।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज डीयू के इस प्रांगण में हम जो ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ दौड़ के लिए एकत्रित हुए हैं, तो यह भी हमारी देश के प्रति एक ज़िम्मेदारी है। इसी के लिए हम सब यहां आज एक मंच पर आए हैं। बार-बार चुनाव होने से हर वर्ष हजारों करोड़ रुपये का खर्च होता है। बार-बार आचार संहिता लगने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। वहीं कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ प्रोग्राम में डीयू महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अप्रैल महीने का यह तीसरा प्रोग्राम इस विषय पर डीयू में आयोजित हो रहा है। यह प्रोग्राम एक अच्छी शुरुआत है जो देश को आगे ले जाने में बहुत मदद करेगा। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने भी संबोधित किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *