भूमिका शर्मा ने एशिया कप ताइक्वांडो में जीता गोल्ड, नेपाल के पोखरा में लहराया तिरंगा

asiakhabar.com | July 1, 2025 | 12:19 pm IST

जाखल: हरियाणा की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। हरियाणा की बेटी और जाखल नई बस्ती निवासी भूमिका शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर एक नया इतिहास रच दिया है। भूमिका शर्मा ने नेपाल के पोखरा में 27 से 29 जून 2025 तक नेपाल के पोखरा में आयोजित 8वीं एशिया कप ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में 58 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर भारत का तिरंगा लहराया। भूमिका ने इस प्रतिस्पर्धा में विभिन्न देशों से आए प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को मात देकर अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और क्षेत्र के लिए, बल्कि सम्पूर्ण भारत के लिए गर्व का विषय है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ताइक्वांडो कॉउन्सिल ऑफ इंडिया तथा नेपाल यंग ब्रदर टेक विंडो क्लब के संयुक्त आयोजन में सम्पन्न हुई, जिसमें एशिया के कई देशों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
आगे भी जीतूं देश के लिए पदक : भूमिका शर्मा
भूमिका शर्मा ने पत्रकारों से बातजीत करते हुए बताया कि में यह स्वर्ण पदक अपने माता- पिता, कोच और पूरे भारत देश को समर्पित करती हूँ। यह मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। मुझे गर्व है कि मैंने भारत का नाम ऊँचा किया। मेरा लक्ष्य है कि आगे भी में देश के लिए और पदक जीतूं। भूमिका शर्मा ने पढ़ाई कर्नल स्कूल ऑफ फिजिकल एजुकेशन, चुरल कलां (पंजाब) से की है।
लगन से इस मुकाम को किया हासिल :कोच शिवराज
भूमिका की इस सफलता पर उनके कोच शिवराज ने कहा कि भूमिका शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने हर अभ्यास को गंभीरता से लिया और अपनी लगन से इस मुकाम को हासिल किया। हमें उन पर गर्व है।
देश का नाम रोशन किया: संजीब
भूमिका शर्मा के पिता संजीव शर्मा ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण है। भूमिका ने हमारे परिवार, जाखल मंडी और पूरे देश का नाम रोशन किया है। हम उन सभी का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने उसकी हौसला अफजाई की।
क्षेत्र में खुशी की लहर
जैसे ही भूमिका के गोल्ड मेडल की खबर जाखल पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय पूर्व सरपंच जीवन कुमार, जोगिन्द्र सिंह, सुभाष खुराना, डा. ज्योंति शर्मा, मांगे राम, डा. संजय गर्ग, डा. सुरेन्द्र, पार्षद प्रतिनिधि अश्वनी कुमार व हरिचंद गर्ग दीपक खनेजा सहित नागरिकों ने मिठाइयां बांटने के साथ जश्न मनाया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *