उत्तर कोरिया: पार्टी अधिवेशन में परमाणु कार्यक्रम को और मजबूत करने की योजना का होगा ऐलान

asiakhabar.com | January 28, 2026 | 5:23 pm IST
View Details

सियोल। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश के नए हथियार के परीक्षण का निरीक्षण करने के दौरान कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के आगामी सम्मेलन में उनकी सरकार अपने परमाणु कार्यक्रम को और मजबूत करने की योजना की घोषणा करेगी। सरकारी मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह खबर ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले दक्षिण कोरिया और जापान ने कहा था कि उन्होंने उत्तर कोरिया की ओर से कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का पता लगाया है।
‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने अपनी खबर में बताया कि उत्तर कोरिया ने मंगलवार को किम जोंग उन की मौजूदगी में बड़े और उन्नत ‘रॉकेट लॉन्चर सिस्टम’ का परीक्षण किया।
केसीएनए ने खबर में किम के हवाले से कहा गया कि यह परीक्षण देश की परमाणु हथियार क्षमता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। केसीएनए ने खबर में बताया कि इस प्रणाली की गतिशीलता और निशाने की सटीकता में सुधार किया गया है।
केसीएनए के अनुसार, किम ने कहा कि पांच साल में आयोजित होने जा रहे पार्टी के अधिवेशन में देश की परमाणु युद्ध प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूत करने की अगली योजनाओं का ऐलान किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *