
नई दिल्ली। अमेरिकी चिप कंपनी क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने एक समझौते पर हस्ताक्षर करने की शुक्रवार को जानकारी दी। इसके तहत टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स असम में ‘क्वालकॉम ऑटोमोटिव मॉड्यूल’ का विनिर्माण करेगी।
कंपनियों की ओर से शुक्रवार को जारी संयुक्त बयान के अनुसार, इस सहयोग के साथ टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज के वैश्विक मॉड्यूल विनिर्माण साझेदार नेटवर्क में शामिल हो गई है जिसका उद्देश्य ‘मॉड्यूलर ऑटोमोटिव प्लेटफॉर्म’ की बढ़ती वैश्विक मांग को समर्थन देना है।
बयान में कहा गया, “ ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप, क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज अपने क्वालकॉम ऑटोमोटिव मॉड्यूल उत्पादों का विनिर्माण भारत में ‘जागीरोड’ (असम) में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आगामी सेमीकंडक्टर ‘असेम्बली’ एवं परीक्षण इकाई में करेगी।”
क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज के ऑटोमोटिव, इंडस्ट्रियल एवं एम्बेडेड आईओटी और रोबोटिक्स समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक नकुल दुग्गल ने कहा कि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ यह साझेदारी कंपनी की स्वचालन विकास रणनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बयान के अनुसार, इस सहयोग का उद्देश्य ‘डिजिटल कॉकपिट’, ‘इंफोटेनमेंट’, ‘कनेक्टिविटी’ और ‘इंटेलिजेंट व्हीकल सिस्टम’ के लिए स्वचालन प्रौद्योगिकियों के स्थानीय उत्पादन को सक्षम बनाना है, जिससे भारतीय एवं वैश्विक मोटर वाहन विनिर्माताओं की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके। साथ ही आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और भौगोलिक विविधीकरण को बढ़ाया जा सके।
