ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में खराब एस्केलेटर और टेलीप्रॉम्प्टर पर तंज कसा

asiakhabar.com | September 24, 2025 | 5:30 pm IST

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप एस्केलेटर पर चढ़े, तो स्वचालित सीढ़ियां अचानक रुक गयीं, इसके बाद बची-खुची कसर खराब टेलीप्रॉम्प्टर ने पूरी कर दी।
संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने बताया कि ट्रंप और मेलानिया के साथ आए एक वीडियोग्राफर ने उनके आगमन को फिल्माने की कोशिश की और अनजाने में सुरक्षा तंत्र को चालू कर दिया, जिससे ऐसा होने की आशंका है।
यह घटना मंगलवार सुबह हुई जब ट्रंप और प्रथम महिला महासभा के सभागार की ओर बढ़ रहे थे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय 80वें सत्र में विश्व नेताओं को संबोधित करने वाले थे।
दुनिया भर में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण में दिखा कि प्रतिनिधि प्रवेश द्वार के पास एस्केलेटर अचानक रुक गया। एस्केलेटर के अचानक रुकने से ट्रंप और मेलानिया को थोड़ा झटका लगा और इसके बाद प्रथम महिला को रुके हुए एस्केलेटर पर चलना पड़ा, जिसके बाद राष्ट्रपति उनके पीछे आए।
ट्रंप ने अपने संबोधन की शुरुआत में मजाक करते हुए कहा, ‘‘मुझे टेलीप्रॉम्प्टर के बिना भाषण देने में कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि यह काम नहीं कर रहा।’’
इस टिप्पणी पर वहां उपस्थित विश्व नेताओं ने ठहाके लगाए।
बाद में व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘अगर किसी ने जानबूझकर एस्केलेटर रोका है, तो उसे तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए और घटना की जांच की जानी चाहिए।’’
लीविट ने ‘द टाइम्स’ में प्रकाशित एक लेख का स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया जिसमें कहा गया कि ट्रंप के आगमन के लिए संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों ने मजाक में कहा कि वे एस्केलेटर और लिफ्ट बंद कर कर सकते हैं और राष्ट्रपति को यह बता सकते हैं कि उनके पास पैसे खत्म हो गए हैं, इसलिए उन्हें सीढ़ियों से ऊपर जाना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *