
डेयजॉन। दक्षिण कोरिया के डेयजॉन शहर में एक कार पुर्जे बनाने वाले कारखाने में आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 50 लोग घायल हो गए, जिनमें 35 की हालत गंभीर बताई गई है। यह जानकरी शुक्रवार को स्थानीय अधिकारियों ने दी।
यह आग स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:17 बजे लगी। आग की गंभीरता को देखते हुए नेशनल फायर एजेंसी ने देशभर से मदद जुटाने का आदेश जारी किया। ऐसा आदेश तब दिया जाता है, जब स्थानीय प्रशासन के लिए अकेले आग पर काबू पाना मुश्किल हो जाए।
इससे पहले 10 फरवरी को दक्षिण कोरिया के दक्षिण-पूर्वी इलाके ग्योंगसान में एक तेल टैंक में विस्फोट के बाद आग लग गई थी। यह हादसा सोल से करीब 250 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित एक बाहरी टैंक भंडारण केंद्र में हुआ था।
आग तेल भंडारण टैंक के ऊपरी हिस्से में हुए विस्फोट के बाद लगी थी। बाद में आग कुछ हद तक शांत हो गई थी, लेकिन मौके से धुआं उठता देखा गया था। शुरुआती राहत कार्य के अंत तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी।
