नाइजीरिया के कैथोलिक स्कूल पर हमले में 300 से अधिक बच्चों का अपहरण

asiakhabar.com | November 22, 2025 | 5:34 pm IST
View Details

अबुजा। नाइजीरिया के नाइजर में बंदूकधारियों ने एक कैथोलिक संस्थान पर शुक्रवार को हमला कर 303 स्कूली छात्रों और 12 अध्यापकों का अपहरण कर लिया। देश के ‘क्रिश्चियन एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया’ (सीएएन) ने यह जानकारी दी। सीएएन ने पहले बताया था कि 215 छात्रों का अपहरण किया गया है।
सीएएन की नाइजर राज्य शाखा के अध्यक्ष ‘मोस्ट रेवरेंड’ बुलुस दाऊवा योहाना के अनुसार, ‘‘सत्यापन प्रक्रिया और अंतिम गणना के बाद’’ संख्या में बदलाव किया गया। योहाना ने शुक्रवार को स्कूल का दौरा किया था। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान 88 अन्य छात्रों को ‘‘भागने की कोशिश करते समय पकड़ लिया गया।’’ इनमें लड़के और लड़कियां शामिल हैं और उनकी उम्र 10 से 18 साल के बीच है।
हमला और अपहरण की यह घटना ‘सेंट मैरीज स्कूल’ में हुई, जो अग्वारा स्थानीय सरकार के पापिरी समुदाय में स्थित एक कैथोलिक संस्थान है।
नाइजर राज्य पुलिस कमान ने कहा कि अपहरण की घटना तड़के हुई और उसके बाद से इलाके में सेना एवं सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। उसने बताया कि सेंट मैरीज एक माध्यमिक विद्यालय है।
उपग्रह से ली गई तस्वीरों से पता चलता है कि स्कूल परिसर एक निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा हुआ है और इसमें 50 से अधिक कक्षाएं और छात्रावास हैं। यह येल्वा और मोक्वा कस्बों को जोड़ने वाली एक प्रमुख सड़क के पास स्थित है।
स्थानीय निवासी दाउदा चेकुला (62) ने बताया कि अपहृत स्कूली बच्चों में उनके चार पोते-पोतियां भी शामिल हैं, जिनकी उम्र सात से 10 साल के बीच है।
इससे कुछ दिन पहले ही पापिरी से लगभग 170 किलोमीटर दूर मागा में सोमवार को एक स्कूल पर बंदूकधारियों ने हमला कर 25 छात्राओं का अपहरण कर लिया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *