हैती में अनाथालय पर हमले के दौरान अपहृत आयरलैंड की नागरिक सहित आठ लोगों को रिहा किया गया

asiakhabar.com | August 30, 2025 | 5:39 pm IST

पोर्ट ऑ प्राइस (हैती)। हैती में एक महीने पहले एक अनाथालय पर बंदूकधारियों के हमले के बाद से बंधक बनाकर रखे गए आठ लोगों को अपहरणकर्ताओं ने रिहा कर दिया है। अधिकारियों और बंधकों के रिश्तेदारों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रिहा किए गए लोगों में आयरलैंड की एक नागरिक और तीन साल का एक बच्चा भी शामिल है।
आयरलैंड की जेना हेराटी 1993 से हैती में काम कर रही हैं। वह सेंट-हेलेन अनाथालय में बच्चों और वयस्कों के लिए विशेष आवश्यकता कार्यक्रम की निदेशक हैं।
हेराटी के परिवार ने कहा, ‘‘हम जो राहत महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हम सभी के प्रति बहुत आभारी हैं।’’
परिवार ने कहा, ‘‘हम हैती को अपने दिलों में संजोए हुए हैं और वहां जारी सशस्त्र हिंसा एवं असुरक्षा से प्रभावित सभी लोगों के लिए शांति एवं सुरक्षा की आशा करते हैं।’’
आयरलैंड के उपप्रधानमंत्री साइमन हैरिस ने इस रिहाई की पुष्टि सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की।
हैती के प्राधिकारियों ने इस संबंध में अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
हेराटी और अन्य सात लोगों को तीन अगस्त को अनाथालय पर हुए हमले के दौरान बंधक बना लिया गया था। अनाथालय का संचालन मेक्सिको एवं फ्रांस में स्थित एक अंतरराष्ट्रीय धर्मार्थ संस्था ‘नोस पेटिट्स फ्रेरेस एट सोएर्स’ करती है। संस्था की वेबसाइट के अनुसार, यह अनाथालय 240 से अधिक बच्चों की देखभाल करता है।
इस हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है लेकिन इस क्षेत्र पर ‘विव अंसानम’ नामक संगठन का नियंत्रण है। अमेरिका ने इसे इस वर्ष एक विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *