दिल्ली विवि ने दिया ग्रीन कैम्पस-क्लीन कैम्पस का संदेश

asiakhabar.com | August 30, 2025 | 5:22 pm IST

नई दिल्ली।दिल्ली विश्वविद्यालय के आत्माराम सनातन धर्म महाविद्यालय में शुक्रवार को ग्रीन कैम्पस-क्लीन कैम्पस की शुरुआत की गई। इस अभियान में साउथ कैम्पस के आत्माराम के साथ श्री वेंकटेश्वर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय के साउथ कैम्पस, आर्यभट्ट महाविद्यालय, राम लाल आनंद महाविद्यालय और मोतीलाल नेहरू महाविद्यालय ने हिस्सा लिया। सभी महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस के विद्यार्थी इसमें शामिल हुए। अभियान की शुरुआत करते हुए दिल्ली विवि के कुलानुशासक प्रो. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि किस तरह पर्यावरण और प्रकृति की दशा बिगड़ती जा रही है। ऐसे में हम सभी का यह फर्ज बनता है कि हम उन सभी कारणों को कम करने की ओर बढ़ें जो हमारे आसपास की अस्वच्छता का कारण है। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. योगेश सिंह के निर्देशानुसार यह आयोजन किए जा रहे हैं।
डीसीपी साउथ कैम्पस सुश्री ऐश्वर्या सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्वच्छता और हरियाली हमारे स्वास्थ्य और भविष्य के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि साफ सफाई और हरियाली से मन शांत रहता है और शांत मन से ही किसी काम को करने की इच्छा होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को वोट के अधिकार का महत्व बताते हुए कहा कि हम सभी को इसके प्रति सचेत रहना चाहिए और अपने वोट रूपी अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली विवि के ही लेडी श्रीराम महाविद्यालय की छात्रा रही हूं और आप लोगों की तरह से ही इन अभियानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करती रही हूं। आत्माराम सनातन धर्म महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ज्ञानतोष झा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एनसीसी और एनएसएस समेत सभी के लिए राष्ट्र प्रथम है। आप अपने आसपास स्वच्छ रखेंगे तो हरियाली देखने को मिलेगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय के एनसीसी संयोजक मेजर प्रो. संजय कुमार ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह के निर्देशानुसार इस अभियान की पावन शुरुआत की गई है, जिसका नाम दिया गया है-ग्रीन कैम्पस- क्लीन कैम्पस। स्वच्छता एक जीवनशैली है। इसे हम सभी को अपनाना होगा। एनसीसी कैडेट के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम अपने परिसर को स्वच्छ और हरा-भरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। यह पहल हमें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसे निभाने का अवसर देती है।
दिल्ली विवि के एनएसएस संयोजक डॉ नरेंद्र कुमार विश्नोई ने कहा कि इस अभियान में एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों का विशेष दायित्व है।मुख्य वक्ताओं के संबोधन के बाद क्लीन कैंपस-ग्रीन कैंपस शीर्षक नारे के साथ आत्मा राम सनातन धर्म महाविद्यालय से रैली निकाली गई। रैली में शामिल कैडेट्स और शिक्षक समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नारे लगा रहे थे। लोगों को अपने आसपास गंदगी न करने और हरियाली बढ़ाने का संदेश दे रहे थे। वहां से रैली श्री वेंकेटेश्वर महाविद्यालय पहुंची, जहां प्राचार्य प्रो. वी. रवि ने लोगों का स्वागत किया। तत्पश्चात रैली साउथ कैम्पस से होते हुए आर्यभट्ट महाविद्यालय, मोतीलाल नेहरू महाविद्यालय होते हुए राम लाल आनंद महाविद्यालय पहुंची, जहां प्राचार्य प्रो. राकेश कुमार गुप्ता ने सभी का स्वागत किया। इसी तरह मोतीलाल नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो योगेश्वर शर्मा और आर्यभट्ट महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो मनोज सिन्हा ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। छात्र संघ चुनाव के दौरान कचरा न फैले, इसका संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
रैली के दौरान दिल्ली विवि के ज्वाइंट प्रॉक्टर प्रो. कोटेश्वर राव, डिप्टी प्रॉक्टर डॉ. सौरभ, एआरएसडी के एनसीसी ऑफिसर कैप्टन प्रो. संदीप, लेफ्टिनेंट डॉ कामेश्वर प्रसाद शर्मा, लेफ्टिनेंट डॉ चंद्रशेखर निषाद, आरएलएसी की सीटीओ सुश्री साक्षी, एनएसएस ऑफिसर प्रो. कान्हाराम, डॉ अनुराग शर्मा, डॉ. गीता देवी, डॉ. संदीप कुमार, एसएचओ साउथ रवींद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। झमाझम बारिश के बावजूद रैली में शामिल विद्यार्थियों का उत्साह देखने लायक था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *