नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कबाड़ बेचकर कमाये 81 लाख

asiakhabar.com | October 25, 2025 | 5:49 pm IST
View Details

नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक विशेष स्वच्छता अभियान के तहत तीन सप्ताह में 81.67 लाख रुपये का कबाड़ बेचा है। इस कबाड़ में ई-कचरा और बेकार फाइलें भी शामिल हैं।
मंत्रालय ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन पर 02 अक्टूबर को लंबित मामलों के निपटान के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया था जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत लक्षित जन शिकायतों में से 87 प्रतिशत का निपटारा कर दिया गया है और 4,988 फाइलों को बंद कर दिया गया है।
इसके अलावा 31 अक्टूबर तक लक्षित 480 सफाई अभियानों में से 405 पूरे हो चुके हैं। कार्यालय में 31,353 वर्ग फुट की जगह खाली की गयी है। मंत्रालय ने बताया कि रद्दी बेचकर 81,66,756 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू स्वयं पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में 09 अक्टूबर को मंत्रालय के अधिकारियों के साथ एक बैठक की थी। इसके बाद 13 अक्टूबर को उन्होंने मंत्रालय परिसर का निरीक्षण किया था, कर्मचारियों से बात की थी, कैंटीन में सफाई का जायजा लिया था और पुस्तकालय का निरीक्षण किया था। उन्होंने कर्मचारियों से अपने काम, व्यवहार और सोच में स्वच्छता को अपनाने का आह्वान किया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *